शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जनपद की शहाबगंज पुलिस ने गौवध के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गौतमबुद्धनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कथित रूप से गौ तस्करी में शामिल गिरोह को रास्ते की जानकारी और आर्थिक मदद उपलब्ध कराता था।पुलिस के मुताबिक, थाना शहाबगंज में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त सरवन कुमार उर्फ श्रवण पुत्र सेवालाल, निवासी बसिला, थाना व जिला चंदौली को जे.आर.बी. इंटरप्राइजेज, थाना कासना, जनपद गौतमबुद्धनगर से गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गोलू यादव और उसके साथियों के संपर्क में था तथा पूर्व में गौ तस्करी के दौरान गोवंश से लदे वाहनों के आगे चलकर रास्ते की रेकी करता था। पुलिस के अनुसार, वह तस्करों को रास्ता साफ होने अथवा पुलिस की मौजूदगी की जानकारी देता था। इसके बदले उसे मुनाफे में हिस्सा मिलता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह तस्करी के लिए कभी बैंक के माध्यम से तो कभी नकद धनराशि देकर आर्थिक मदद करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध चंदौली जिले के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक अमित मिश्रा समेत शहाबगंज और चकिया थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।