चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ एस एन शंखवार के बाईं ओर प्रों अजित सिंह तथा दाईं ओर प्रो.पुनीत
शांति दूत न्यूज़. वाराणसी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल चिकित्सालय और ट्रॉमा सेंटर को नया नेतृत्व मिला है। विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद की बैठक में वरिष्ठ सर्जन प्रो. पुनीत को सर सुंदरलाल चिकित्सालय का नया चिकित्सा अधीक्षक तथा ख्यातिप्राप्त अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. अजित सिंह को ट्रॉमा सेंटर का नया आचार्य प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों नवनियुक्त अधिकारियों ने सोमवार को अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद की बैठक में प्रो. पुनीत की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं चयन समिति की संस्तुति के आधार पर कुलपति ने डॉ सौरभ सिंह की जगह प्रो. डॉ. अजित सिंह को ट्रॉमा सेंटर का आचार्य प्रभारी नियुक्त किया। अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी में बताया जा रहा है कि डाक्टर सौरभ सिंह पर लगातार कई विवादों के आरोप लगते रहे हैं। जिसकी जांच की जा रही थी। उसी के तहत यह कारवाई हुई है। गौरतलब है कि 8 जुलाई 2026 को सर सुंदरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक पद के लिए साक्षात्कार तथा ट्रॉमा सेंटर के आचार्य प्रभारी पद के लिए चयन समिति के समक्ष इंटरैक्शन आयोजित किया गया था।
ट्रॉमा, स्पाइन और आर्थ्रोप्लास्टी में व्यापक अनुभव
नवनियुक्त आचार्य प्रभारी प्रो. डॉ. अजित सिंह प्रतिष्ठित ऑर्थोपेडिक सर्जन, चिकित्सा शिक्षक और शैक्षणिक प्रशासक हैं। उन्हें ट्रॉमा, आर्थ्रोप्लास्टी, स्पाइन सर्जरी और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में करीब दो दशकों का अनुभव है। वर्ष 2017 से वह चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह एम्स रायपुर में अतिरिक्त प्रोफेसर और रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने AO Trauma, रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जन्स (यूके), जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी और एनएमसी के माध्यम से उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया है।