शांति दूत न्यूज.(उ.प्र.) वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सरकारी गड़हे की भूमि पर कथित रूप से दबंगों द्वारा भवन और बाउंड्रीवाल का निर्माण कर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गांव के समाजसेवी विकास सिंह ने तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी पिंडरा कुंदन राज कपूर को प्रार्थना पत्र देकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत बलुआ में आराजी संख्या 187, रकबा 0.0730 हेक्टेयर (लगभग पौने छह बिस्वा) सरकारी गड़हे की भूमि पर कथित रूप से भवन व बाउंड्रीवाल का निर्माण कर कब्जा किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गड़हे को पाटकर निर्माण किए जाने से बारिश के पानी की जलनिकासी प्रभावित हो रही है और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है। मामले में एसडीएम ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को भूमि का सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जा पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए हैं।तहसीलदार पिंडरा नेहा राजवंशी ने बताया कि यदि सरकारी गड़हे की भूमि पर अस्थायी निर्माण पाया गया तो उसे तत्काल हटाया जाएगा। वहीं, भवन या बाउंड्रीवाल का अवैध निर्माण पाए जाने पर कब्जाधारकों के खिलाफ धारा 167 के तहत कार्रवाई की जाएगी।