बीएचयू में लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों ने जगाई विद्यार्थियों में विज्ञान की जिज्ञासा

SHARE:

स्वतंत्रता भवन में आयोजित साइंस शो में स्कूली छात्रों ने प्रयोगों के जरिए समझे विज्ञान के सिद्धांत, कुलपति ने बड़े सपने देखने के लिए किया प्रेरित

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी, 18 जुलाई  काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित रोचक एवं ज्ञानवर्धक साइंस शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ प्रयोग और सहभागिता के माध्यम से विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं रुचि को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विज्ञान को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन में इसके व्यावहारिक उपयोगों के माध्यम से समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम वैज्ञानिक अवधारणाओं को विद्यार्थियों के लिए सरल, रोचक और सहज बनाते हैं तथा उनमें जिज्ञासा, प्रयोगधर्मिता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कुलपति ने हाल ही में कोलंबिया में आयोजित 55वें अंतर्राष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी पांच प्रतिभागियों द्वारा स्वर्ण पदक हासिल किए जाने का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वाराणसी के विद्यालयों के विद्यार्थी भी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करें।भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों में स्वाभाविक रूप से जिज्ञासा और सृजनात्मकता होती है। उचित मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण मिलने पर वे नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल किताबों से नहीं, बल्कि अवलोकन और प्रयोगों के माध्यम से सीखने का आह्वान किया। उन्होंने विभाग की आउटरीच गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालयों के विद्यार्थियों को नियमित रूप से भौतिकी विभाग की प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाता है। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार ने कहा कि प्रभावी शिक्षा वही है, जो जिज्ञासा और रुचि से प्राप्त की जाए, न कि केवल अनिवार्यता के कारण। उन्होंने कहा कि साइंस शो का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति स्वाभाविक रुचि पैदा करना है। उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक करियर संभावनाओं और बीएचयू की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के निदेशक प्रो. ए.एस. रघुवंशी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और चिकित्सा के अतिरिक्त विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने का आह्वान किया। प्रबंध शास्त्र संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी ने विद्यार्थियों को इस अनुभव को अपनी सीखने की यात्रा का स्थायी हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आयोजक संस्था आईआरओ वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक मनोहर कुमार द्वारा प्रस्तुत किए गए अनेक रोचक लाइव वैज्ञानिक प्रयोग रहे। उन्होंने विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों को सरल और मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रयोगों के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की और अवलोकन, प्रयोग तथा तार्किक चिंतन के माध्यम से विज्ञान को समझने का अवसर प्राप्त किया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई