ओडिशा से दिल्ली-राजस्थान जा रही गांजे की खेप चंदौली में पकड़ी गई, चार गिरफ्तार 90 किलोग्राम गांजा बरामद 

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र) चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में  पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते  हुए एक डी सी एम तथा एक कार से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी के रास्ते राजस्थान और दिल्ली ले जाई जा रही है। तस्करी को सुरक्षित बनाने के लिए आगे-आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के समीप रिंग रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखा गया 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर उसे राजस्थान और दिल्ली में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर वाहनों के माध्यम से परिवहन किया था। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली) तथा सुशांत कुमार दिग्गल (कंधमाल, ओडिशा) के रूप में हुई है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई