लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है पत्रकारिता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा ही इसकी पहचान : घनश्याम पाठक

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) जौनपुर जिले में पत्रकार प्रेस क्लब इकाई जौनपुर के तत्वावधान में रविवार को जिला मुख्यालय स्थित पत्रकार भवन, कचहरी परिसर में ‘पत्रकारिता के दायित्व और बदलते परिदृश्य’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के अनेक पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकारिता की चुनौतियों, जिम्मेदारियों तथा बदलते तकनीकी परिवेश पर गंभीर विचार-विमर्श किया। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि एक दैनिक समाचार पत्र के कार्यकारी संपादक एवं पत्रकार प्रेस क्लब के संस्थापक तथा प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है, जिसकी निष्पक्षता, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आम जनता का विश्वास टिका होता है।उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के इस दौर में सूचनाओं का प्रवाह अत्यंत तेज हो गया है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही समाचार प्रकाशित या प्रसारित करें। अपुष्ट और भ्रामक समाचार समाज में भ्रम और अविश्वास पैदा करते हैं तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाते हैं। पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज भूषण मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के वंचित, शोषित और आम नागरिक की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। जौनपुर इकाई के जिला अध्यक्ष कृपा शंकर यादव ने पत्रकारिता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों, बदलते तकनीकी परिवेश तथा पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने पत्रकारों से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए पत्रकारिता की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। संगोष्ठी में उपस्थित सभी पत्रकारों ने निष्पक्ष, उत्तरदायी और जनपक्षधर पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह संगोष्ठी पत्रकारों के लिए अनुभव साझा करने, विचार-विमर्श करने और पत्रकारिता के मूल्यों को पुनः स्मरण करने का एक सार्थक मंच साबित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एक दैनिक समाचार पत्र के प्रधान संपादक रामजी जायसवाल ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल हक अंसारी ने किया। इस अवसर पर पंकज भूषण मिश्रा, रामजी जायसवाल, कृपा शंकर यादव, अजीत सिंह, दीपक श्रीवास्तव, उमेश मिश्रा, गुलजार अली, पवन गुप्ता, कमलेश यादव, आलोक सिंह, संजय चौरसिया, विनोद विश्वकर्मा, सुधीर उपाध्याय, बृजनंदन स्वरूप, राजेश पाल, सुभाष पाल, राजकुमार बेनवंशी, लालचंद्र निषाद, अरविंद कुमार यादव, अरविंद कुमार पटेल, डॉ. विजय बहादुर यादव, अनुपम कुमार मौर्य, जहीर खान, पृथ्वीराज कुमार, गोविंद कुमार, प्रवीण कुमार, विनीत कुमार, राम सहाय, सर्वेश कुमार, संजय यादव, शेखर चौहान, रामाज्ञा यादव, अजीत बादल, नीरज सिंह, अंकित श्रीवास्तव, लक्ष्मीकांत पाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई