दो घंटे में तीन मौतों से दहला मुगलसराय: मां-बेटे के शव एक ही फंदे पर मिले, अन्य युवती ने भी लगाई फांसी

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) जनपद चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में महज एक से दो घंटे के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहली घटना में एक मां और उसके ढाई वर्षीय मासूम बेटे के शव एक ही फंदे से लटके मिले, जबकि दूसरी घटना में 19 वर्षीय युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मुगलसराय के  हनुमानपुर अहिरान बस्ती की है, अजय कुमार पटेल (25) की पत्नी प्रिया (23) और उसके ढाई वर्षीय पुत्र युवराज के शव कमरे में एक ही फंदे से लटकते मिले। परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है,पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अजय कुमार पटेल पान की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को घर में कोई नहीं था। देर शाम को पत्नी ने बेटे के लिए मैंगो शेक मंगाने के लिए उसे बाजार भेज दिया था। जब वह घर आया तो दरवाजा बंद मिला काफ़ी देर तक बुलाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह खिड़की खोलकर देखा तो पत्नी और बेटा दोनों साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटकते हुए दिखे उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठे हो गए तथा तत्काल मुगलसराय कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी विंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इसी बीच, पहली घटना के करीब एक से दो घंटे बाद मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में 19 वर्षीय खुशी सिंह का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पूर्व खुशी सिंह बिना बताए कहीं दूर घूमने चली गई थी। वापस लौटने पर परिजनों ने उसे समझाया था। पुलिस के अनुसार इसी के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस इस मामले में भी सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर रही है। महज दो घंटे के भीतर एक ही कोतवाली क्षेत्र में हुई तीन मौतों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी मामले में अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई