योग दिवस पर चंदौली में हुआ वृहद आयोजन, मंत्री अनिल राजभर बोले- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का नेतृत्व भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चन्दौली 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, मुख्यचिकित्साधिकारी अभितोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। योगाभ्यास शुरू होने से पहले उपस्थित लोगों ने कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रसारित संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इस वर्ष की थीम (स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा को संतुलित करने का माध्यम है। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, तथा विभिन्न योगासन किये। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि आज पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और इसका नेतृत्व भारत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग का प्रचार-प्रसार गांव, मोहल्लों, विकासखंडों, तहसीलों और जनपदों तक पहुंच चुका है तथा बड़ी संख्या में लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने लोगों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिसका परिणाम कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के रूप में दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री अनिल राजभर से प्रदेश में रोजगार के लिए युवाओं के पलायन को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था करने की दिशा में कार्य कर रही है कि आने वाले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि अन्य राज्यों के लोग यहां रोजगार की तलाश में आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में निवेशक आ चुके हैं और सरकार द्वारा फैक्ट्रियों एवं उद्योगों के पंजीकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया गया है। उनके अनुसार एक्सप्रेस-वे, जलमार्ग, बिजली आपूर्ति और कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार के कारण निवेशकों का रुझान उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा है। बढ़ती महंगाई के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इसके लिए केवल भारत जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर है। किसानों से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि आज देश का अन्नदाता किसान सरकार के सहारे आगे बढ़ रहा है। अयोध्या मंदिर में कथित धन चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और लगभग पंद्रह दिनों में रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जब पत्रकारों ने पूछा कि मामले में अब तक प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की गई है, तो मंत्री ने कहा, “सरकार आपके बताने पर काम नहीं करेगी, बल्कि अपने हिसाब से काम करेगी। कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा नियमित योग अपनाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई