चंदौली:लूटकांड का खुलासा पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, पिस्टल-तमंचा और लूटा गया सामान बरामद

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)जनपद चन्दौली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चहनियां बाजार में राहगीर से पिस्तौल सटाकर मोबाइल और नगदी लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 3 जून को चहनियां बाजार में गोविन्द मिश्रा नामक युवक से दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर वीवो मोबाइल फोन और 3200 रुपये लूट लिये थे। घटना के बाद थाना बलुआ में मामला दर्ज कर पुलिस टीम को जांच में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। शनिवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू और आकाश कुमार क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद बलुआ पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकले।

भागने के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी अनुपम पाण्डेय के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, 2500 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली थाना धानापुर तथा आकाश कुमार निवासी महुअर थाना बलुआ के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं। इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बलुआ थाना पुलिस टीम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई