शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली। जनपद में पट्टीदारों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने आखिरकार एक महिला की जान ले ली। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल महिला शीला देवी (55) की वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान 27 मई को मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामला सदर कोतवाली के सिरसी गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित अरविंद कुमार यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि 22 मई की शाम करीब छह बजे उनके पट्टीदार दयाशंकर यादव, राहुल यादव, रोहित यादव, संध्या यादव समेत अन्य लोग घर पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और रॉड से परिवार के लोगों को बेरहमी से पीटा। घटना में अरविंद यादव के चाचा और चाची गंभीर रूप से घायल हो गए थे। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। परिजनों के अनुसार महिला का कई दिनों तक इलाज चलता रहा, लेकिन 27 मई को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी घायल बताए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले में कुछ अज्ञात लोग भी शामिल थे, जिन्होंने घर में घुसकर मारपीट की और परिवार के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। महिला की मौत के बाद अब मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



