‘पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने से पहले PM अपना काफिला छोटा करें’, महंगाई पर सरकार को घेरा; आउटसोर्सिंग में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता की मांग
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली से समाजवादी पार्टी के सांसद बीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर केंद्र सरकार और जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मुलाकात कर पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई और उत्पीड़न का मुद्दा उठाया।
पत्रकारों से बातचीत में सांसद बीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले नोटबंदी कराकर महिलाओं के पास सुरक्षित रखे हुए धन को निकलवा लिया और अब सोना न खरीदने की अपील करते हुए महिलाओं के आभूषण पर उनकी नजर है। पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऐसे में इस प्रकार की अपील करना जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने जैसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि खपत कम करनी है तो प्रधानमंत्री तथा उनकी पार्टी पहले अपने काफिले में चलने वाली गाड़ियों की संख्या कम करके उदाहरण प्रस्तुत करें। सांसद ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बेवजह परेशान किया जा रहा है और राजनीतिक दबाव में एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास ठीक नहीं है। पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए। सांसद बीरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि जब मेडिकल कॉलेज या अन्य विभिन्न संस्थानों में आउटसोर्सिंग के जरिए संविदा पर नियुक्ति हो रही है तो इसमें जनपद के युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस दौरान राबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटे लाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर एवं दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




