शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौली जनपद में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कारवाई करते हुए एक ट्रक से 932 पेटी में रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है। मुगलसराय के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता,स्वाट टीम के प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव एवं सर्विलांस टीम के प्रभारी आशीष मिश्र की संयुक्त कार्रवाई में वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। इस दौरान ट्रक चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई कुल 932 पेटियों में लगभग 9031 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब की विभिन्न ब्रांड की बोतलों पर “फॉर सेल इन पंजाब ओनली” अंकित था और स्कैनर भी खुरचा गया था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीश लोहार (निवासी राजसमंद, राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से सस्ती शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था, जहां शराबबंदी के कारण इस धंधे में अधिक मुनाफा होता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अलीनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।