शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी के सेवापुरी विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत करधना (पाही) में निर्माणाधीन नव्य-भव्य मंदिर में भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। विधि-विधान से पूजन के बाद सुसज्जित रथ पर भगवान शिव की प्रतिमा को विराजमान किया गया। इसके बाद बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच शोभायात्रा करधना, प्रतापपुर, कलवरिया, भटपुरवा, मोमिनपुर, बसुहन चक और हीरूपुर होते हुए निकाली गई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान शिव का स्वागत किया। भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजकों के अनुसार, यह शोभायात्रा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का एक प्रमुख हिस्सा है। आगामी दिनों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान पंडितों की उपस्थिति में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी, जिससे यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। विद्वान ब्राह्मणों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। इस अवसर पर मुख्य यजमान समर बहादुर सिंह एवं रंभा सिंह रहे। वहीं पुरोहित पंकज दुबे और अजय झा के नेतृत्व में दर्जनों ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। इस भव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में आस्था, उल्लास और श्रद्धा का माहौल व्याप्त है।