
FOLLOW US:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी संजीव गोंड रहे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से राज्य मंत्री, चकिया विधायक, चकिया व नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ एवं छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अभिनंदन किया गया।
मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कॉलोनी का उद्घाटन एवं गृह प्रवेश की रस्म संपन्न हुई। राज्य मंत्री संजीव गोंड ने कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत कोई भी परिवार बिना छत के न रहे। जीरो पावर्टी कॉलोनी का उद्देश्य उन परिवारों को सम्मानजनक जीवन देना है, जो अब तक आवास, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। इस अवसर पर उन्होंने 20 लाभार्थियों को उनके आवासों की चाबियां सौंपीं, साथ ही उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर का वितरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि ऐसे परिवारों को चिन्हित कर सभी विकास खंडों में उन्हें जीरो पावर्टी योजना के तहत आवास, बिजली, पानी, शौचालय, शिक्षा और रोजगार से जोड़ा जाएगा, ताकि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। चकिया विधायक ने इस पहल को विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की दिशा में मजबूत कदम बताते हुए कहा कि जल्द ही सभी ब्लॉकों में ऐसी कॉलोनियों का निर्माण कर बेसहारा परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि इस परियोजना को कम समय में धरातल पर उतारने में जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि आगे भी निरंतर प्रयास कर हर वंचित परिवार को पेंशन, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, श्रम कार्ड सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने, राजमिस्त्री प्रशिक्षण तथा बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग की भी व्यवस्था की गई है। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने बताया कि जीरो पावर्टी कॉलोनी में बसे 20 परिवारों को लगभग दो करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है।WhatsApp us