चंदौली: 50 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली। जिले में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने सैयदराजा थाना क्षेत्र में हत्या सहित डकैती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि गत 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआ गांव में हत्या सहित डकैती की घटना हुई थी। मामले में कुल सात अभियुक्तों के शामिल होने की बात सामने आई थी। इनमें पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अभियुक्त वांछित चल रहे थे। इनमें बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के सतोपती निवासी राजू मुसहर पुत्र लक्ष्मण मुसहर भी शामिल था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को सैयदराजा थाना क्षेत्र के सवइया पट्टीदारी के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सर्विलांस से सूचना मिली कि इनामी बदमाश राजू मुसहर चंदौली में आने वाला है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने पट्टीदारी-सवैया महलवार मार्ग की ओर चेकिंग और घेराबंदी शुरू की। पुलिस का दावा है कि बदमाश के दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल चोरी की है या अभियुक्त की है, इसकी जांच की जा रही है। तथा राजू मुसहर के खिलाफ चंदौली और आसपास के क्षेत्रों में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में हत्या, डकैती एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी एवं मुठभेड़ की कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा के नेतृत्व में थाना पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई