ब्रेकिंग न्यूज..चंदौली: सड़क चौड़ीकरण के लिए जे सी बी से गिराये जा रहे काली माता मंदिर का गुंबद गिरने से एक कर्मी की मौत एक घायल 

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीन दयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन की ओर जाने वाले मुख्य द्वार के पास जी टी रोड के किनारे स्थित प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के समय भारी-भरकम गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

मंदिर को गिराती जे सी बी

हादसे में एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ध्वस्तीकरण का कार्य तत्काल रोक दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत देर रात बुलडोजर से प्राचीन काली माता मंदिर का ध्वस्तीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी कर्मचारी झुमरी उर्फ बलदेव (58 वर्ष) निवासी पड़ाव डांडी रस्सा पकड़कर खड़े थे। तभी मंदिर का भारी गुंबद अचानक गिरने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते समय गुंबद बुलडोजर के अगले हिस्से से टकराया और दिशा बदलते हुए सीधे बलदेव तथा पास में मौजूद एक अन्य व्यक्ति की ओर जा गिरा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से ध्वस्तीकरण का कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया। अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि ध्वस्तीकरण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई