ओमप्रकाश राजभर भाजपा के टेलीप्रॉम्प्टर हैं, वही बोलते हैं जो उन्हें पढ़ाया जाता है : मनोज सिंह काका

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली, जिला मुख्यालय पर19 जून को छह सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाजपा सरकार और उसके सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधा गया। धरने का नेतृत्व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने किया, जबकि कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ ने भी भाग लिया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मनोज सिंह काका ने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी में फूट पड़ने की बात कही थी। काका ने कहा कि “ओमप्रकाश राजभर भाजपा के टेलीप्रॉम्प्टर हैं। उन्हें जो पढ़ाया जाता है, वही बोलते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर जनता से जुड़े मुद्दों पर कभी मुखर नहीं होते, बल्कि भाजपा के इशारे पर समाजवादी पार्टी और पीडीए के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों से जूझ रही है, लेकिन भाजपा के सहयोगी दल इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि चंदौली जनपद में विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। नहरों में पानी नहीं है, बिजली संकट बना हुआ है और जल जीवन मिशन के तहत गांवों में कराई गई खुदाई के बाद सड़कों और गलियों की मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाएं धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजनाओं में कार्यरत ऑपरेटरों को मात्र पांच हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जबकि सरकार स्वयं न्यूनतम मजदूरी के नियमों की बात करती है। गंगा कटान के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसानों की जमीन लगातार नदी में समा रही है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में छह सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। बैरिकेडिंग को लांघकर ज्ञापन देने जा रहे सपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से पुलिस की धक्का-मुक्की भी हुई हालांकि मामला शीघ्र ही शांत हो गया। धरना-प्रदर्शन में पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई