महाशिवरात्रि पर बिसौरी में निकली भोलेनाथ की भव्य बारात, भक्ति और उल्लास से गूंजा गांव

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सदर विकासखंड के ग्राम सभा बिसौरी में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही गांव के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा तथा शाम होते ही गांव के युवाओं द्वारा भगवान शिव की पारंपरिक बारात बड़े ही धूमधाम और आकर्षक ढंग से निकाली गई। बारात में भगवान भोलेनाथ त्रिशूल और डमरू धारण किए, शरीर पर भभूत रमाए और गले में सर्प धारण किए दिव्य स्वरूप में विराजमान थे।

उनके साथ गणों का दल भी नृत्य-गान करता हुआ चल रहा था। डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और शंखनाद से वातावरण शिवमय हो गया। शिवगणों का उत्साह और ग्रामीणों की सहभागिता इस आयोजन को और भी भव्य बना रही थी। यह परंपरा गांव में वर्षों से चली आ रही है। शिव बारात पूरे गांव का भ्रमण करती हुई मंदिर प्रांगण में पहुंची, जहां भगवान शिव एवं उनके गणों द्वारा प्रतीकात्मक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया गया। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से परंपरा को नई ऊर्जा मिल रही है। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर बिसौरी गांव पूरी तरह शिवमय नजर आया, जहां श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम भी साथ चलती रही।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment