शांति दूत न्यूज़. (उ. प्र.) चंदौली जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने एक ट्रक से परिवहन किए जा रहे 435 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है।अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जांच के दौरान सैयदराजा के प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ चन्दौली होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-02 हाईवे पर काले शाह बाबा की मजार के पास बैरियर लगाकर जांच शुरू की गई इसी दौरान चन्दौली की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक चालक ने वाहन में मछली लदी होने की बात कही, लेकिन तलाशी के दौरान 20 कैरेट मृत मछली के नीचे छिपाकर रखे गए 18 बंडलों में अवैध गांजा बरामद किया गया। सभी बंडलों को तौलने पर कुल वजन 435 किलो 500 ग्राम पाया गया। जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ पंद्रह लाख रुपए बताई गई है।तथा प्रियांशू पटेल, प्रदीप कुमार, अखिलेन्द्र प्रताप को गिरफ्तार किया गया। जो कि ग्राम विशुनपुरा, थाना मड़िहान, जिला मिर्जापुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा राज्य से लेकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे और पुलिस से बचने के लिए मछली के कार्टूनों के नीचे छिपाकर परिवहन कर रहे थे।