सकलडीहा में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस का एक्शन, 15 लोगों पर निरोधात्मक कारवाई

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.( उत्तर प्रदेश) जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के गहन पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सकलडीहा दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भूमि विवाद, आपसी रंजिश तथा ग्राम इटवां में शराब की दुकान के समीप खुले में मांस बिक्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। साथ ही इससे संक्रामक बीमारी फैलने की भी आशंका जताई जा रही थी। संभावित तनाव और शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से एहतियातन की गई है, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की सूचना समय रहते पुलिस को दें, ताकि उसे शांतिपूर्ण तरीके से हल किया जा सके। क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई