शांति दूत न्यूज़ (उo प्रo) चंदौली जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की धीमी गति और गुणवत्ता में कमी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की शिथिलता, मानकविहीन कार्य या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही कराए जाएं तथा जनपद स्तरीय अधिकारी समय-समय पर कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें। उन्होंने मॉडल स्कूल पचकेडिया गढ़वा, नौगढ़ और काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय चकिया के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बाबा कीनाराम अघोरपीठ मठ में हाई मास्ट लाइट लगाने, ऊपरगामी सेतु निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और नहरों पर क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों के कार्य मानक के अनुसार पूरा कराने पर जोर दिया।बैठक में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने, धानापुर में बन रहे खेल मैदान और सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें तय समय सीमा में हर हाल में पूरा कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर बजट प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने को भी कहा गया। इसके अलावा बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर राजकीय पॉलिटेक्निक चकिया के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी से जनपद की बड़ी परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एक्सईएन चंद्रप्रभा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।