एमएलसी बनने के चक्कर में महिला ने दिए 17.22 लाख, ठगी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली, जिले में एमएलसी पद पाने की चाहत में एक महिला ने एक व्यक्ति को 17 लाख 22 हजार रुपये दे दिए। लेकिन जब पद नहीं मिला तब रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके संबंध में उक्त महिला द्वारा अलीनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। जिस पर कारवाई करते हुए पुलिस ने वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्र बहादुर मौर्य (41) पुत्र खरपत्तू मौर्य, निवासी ग्राम पिपरी, थाना भदोही, जनपद संत रविदास नगर के रूप में हुई है। मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कैली निवासी रीता चिरई जो कि दशरथ की पत्नी हैं से जुड़ा है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, चन्द्र बहादुर मौर्य ने महिला को एमएलसी का पद दिलाने का भरोसा देकर उससे कुल 17 लाख 22 हजार रुपये लिए थे। काफी समय बाद भी जब पद नहीं मिला तो महिला ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत के आधार पर अलीनगर थाने में 7 दिसंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी वांछित चल रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने गंजी प्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बाईं पटरी के पास घेराबंदी की। इसी दौरान सुबह करीब 8:05 बजे चन्द्र बहादुर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उक्त व्यक्ति से महिला की जान पहचान कब और कैसे हुई? और महिला द्वारा इतनी भारी रकम कैसे दी गई इन तमाम विंदुओं पर सवाल खड़े होते दिख रहे हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, निरीक्षक रमेश कुमार यादव, कांस्टेबल अली अहमद तथा कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई