लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों पर चलकर राजनीति में बदलाव का संकल्प: डॉ. बेनी माधव मिश्र

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जन जागरण समिति ने सारनाथ की पवित्र धरती से चुनावी अभियान का शंखनाद किया। सारनाथ गैलरी लॉन में आयोजित कार्यक्रम में समिति ने महाबोधि इंटर कॉलेज, सारनाथ के पूर्व प्रधानाचार्य, सरल एवं प्रखर वक्ता तथा कर्मठ और ईमानदार छवि वाले डॉ. बेनी माधव मिश्र को अपना प्रत्याशी घोषित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने एकजुट होकर विजय का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चंदौली की धरती पर जन्मे देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, कर्मठता और सच्ची देशभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों को सम्मान दिया तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का आदर्श प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के महान सपूत और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के रामनगर स्थित आवास और उनके विचारों को वह सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वे हकदार थे। आज राजनीति में ईमानदारी, सादगी और देशसेवा जैसे उनके आदर्शों की चर्चा कम होती जा रही है। इसका कारण यह है कि वर्तमान राजनीति में आने वाले अनेक लोग उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास नहीं करते। उन्होंने कहा कि भारतीय जन जागरण समिति अब लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों को आधार बनाकर राजनीति में आगे बढ़ेगी। पार्टी का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि ईमानदार, पारदर्शी और जनसेवा आधारित राजनीति को मजबूत करना है। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बेनी माधव मिश्र के नेतृत्व में संगठन ‘जय जवान, जय किसान’ के विचार को आगे बढ़ाते हुए शिक्षित युवाओं, किसानों और समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। इस अवसर पर भारतीय जन जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष आनंद कन्द चौबे, वीके सिंह, प्रख्यात साहित्यकार नीरजा माधव, महिला अध्यक्ष कुमकुम श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने डॉ. बेनी माधव मिश्र की विजय का संकल्प लेते हुए चुनावी अभियान का जोरदार आगाज किया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई