शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रशासनिक नेतृत्व को नई दिशा मिली है। विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। केंद्रीय रजिस्ट्री स्थित कुलसचिव कार्यालय में प्रो. अरुण कुमार सिंह ने उन्हें कार्यभार सौंपा।
राजन श्रीवास्तव की नियुक्ति 23 मई को की गई थी। कार्यभार ग्रहण करने के बाद राजन श्रीवास्तव ने कहा कि “महामना की बगिया” में सेवा का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक, शैक्षणिक और संस्थागत प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वे सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवागत कुलसचिव से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिसर में इस नियुक्ति को प्रशासनिक अनुभव और संस्थागत समझ के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्री राजन श्रीवास्तव उच्च शिक्षा प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में लगभग तीन दशकों का अनुभव रखते हैं।





