मंडल रेल प्रबंधक ने की व्यापक समीक्षा, संवेदनशील स्थानों की पहचान और संविदा कर्मियों के ID सत्यापन के दिए निर्देश
शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, 12 मई, यात्रियों और रेल परिसरों की सुरक्षा को तकनीक-समर्थ एवं अभेद्य बनाने के लिए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने मंडल कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में DDU जंक्शन, यार्ड, रेलवे कॉलोनी और संबद्ध परिसरों में मौजूद सुरक्षा संसाधनों, निगरानी प्रणालियों और आधारभूत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। DRM ने निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यार्ड, समपार फाटकों और प्रवेश-निकास द्वारों पर CCTV नेटवर्क, नियमित गश्त, मेटल डिटेक्टर, स्कैनिंग उपकरण, डॉग स्क्वॉड और जरूरत के अनुसार ड्रोन जैसे आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग और बढ़ाया जाए। श्री मीना ने कहा कि सुरक्षा केवल RPF की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की सतर्कता भी जरूरी है। उन्होंने रेल परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सुरक्षा विभाग से समन्वय बनाने पर जोर दिया। साथ ही संविदा कर्मियों के अधिकृत पहचान पत्रों का अनिवार्य प्रदर्शन और नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा में संभावित संवेदनशील एवं दृष्टि से ओझल स्थलों की पहचान, रेल पथ के किनारे झाड़ियों की सफाई, परित्यक्त भवनों की समीक्षा और नियमित फील्ड मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। DRM ने स्टेशन एवं कॉलोनियों में प्रवेश-निकास व्यवस्था की पुनर्समीक्षा कर वाहन व मानव आवागमन की मॉनिटरिंग सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने GRP, स्थानीय प्रशासन, सिविल डिफेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ सतत समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और संयुक्त सतर्कता बनाए रखने को कहा। उन्होंने DDU जंक्शन के साथ-साथ गया जंक्शन सहित मंडल के अन्य सभी प्रमुख रेल परिसरों में भी सुरक्षा संबंधी सतर्कता, नियमित समीक्षा और समन्वित कार्यप्रणाली को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।




