शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जनपद की चकिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सात शातिर अभियुक्तों (महिलाओं सहित) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के 15.80 लाख रुपये बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि घटना 23 अप्रैल की है, जब थाना चकिया क्षेत्र के बरहुवां गांव स्थित शशि ज्वैलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा को ठगों ने सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले असली सोने के छोटे दाने देकर विश्वास जीता और बाद में 100 ग्राम से अधिक सोना देने का झांसा देकर लगभग 16 लाख रुपये ले लिए। लेन-देन के बाद जब पीड़ित ने पोटली खोली तो उसमें सोने के बजाय नकली धातु के टुकड़े निकले। वारदात के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गए पीड़ित की तहरीर पर थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस व सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 26 अप्रैल की सुबह मुखबिर की सूचना पर बेलावर क्षेत्र के पहाड़ी इलाके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित घुमंतू गिरोह के सदस्य हैं, जो खुद को उड़ीसा की सोना खदान से जुड़ा बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। पहले छोटे स्तर पर असली सामान देकर विश्वास अर्जित करते और फिर बड़ी रकम लेकर नकली सामान देकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में गोविंद प्रधान, विष्णु प्रधान, दुखबन्धु पटरा, संतोषी प्रधान, कंचन प्रधान, संतोषी प्रधान और बोधई प्रधान शामिल हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह द्वारा अन्य जनपदों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की आशंका है, जिसकी जांच जारी है।