शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर के बीच गुरूवार की देर रात में मुठभेड़ हो गई जिंससे आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि 21 अप्रैल की रात रेवसा गांव में आयोजित एक कव्वाली कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसका स्थानीय युवक फरमान ने विरोध किया।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फरमान और उसके परिवार की गाड़ी रास्ते में रोक ली और उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती को सकलडीहा क्षेत्र के दीनदासपुर गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा महेवा रिंग रोड के पास छिपाया गया है। जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए मौके पर ले गई, तो उसने अचानक तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है तथा आरोपी के भाई भोला के ऊपर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। तथा शरण देने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम दिया गया।