शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश,चन्दौली जनपद में आमजन को न्याय एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने के उद्देश्य से आयोजित बृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारम्भ हरवीर सिंह, प्रशासनिक न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम पं० कमलापति त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। अपने संबोधन में न्यायमूर्ति हरवीर सिंह ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय को सुलभ कराना है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए नि:शुल्क विधिक सहायता और जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी सहित परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, स्थायी लोक अदालत, विशेष न्यायाधीशगण, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जजगण, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट तथा अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं बड़ी संख्या में लाभार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।शिविर के दौरान कुल 154 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण पत्र, आवास की चाभी एवं आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ पाकर प्रसन्नता व्यक्त की।कार्यक्रम की जानकारी पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली श्रीमती इन्दुरानी (सिविल जज सी.डी.) द्वारा प्रदान की गई।





