बीएचयू के दक्षिणी परिसर का कुलपति ने किया दौरा, युवा महोत्सव ‘दिशा’ में लोक संस्कृति की रही शानदार झलक

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)वाराणसी, 11 फरवरी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बी एच यू) के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बुधवार को मीरजापुर (बरकछा) स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परिसर के स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर 24 घंटे उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय परामर्श, जाँच, दवा एवं काउंसलिंग सुविधा की सराहना की तथा स्वास्थ्य व शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। दौरे के क्रम में कुलपति युवा महोत्सव ‘दिशा’ के समापन समारोह में भी शामिल हुए। समारोह में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, राम विवाह प्रसंग, बिहू, डांडिया, कीर्तन, आदियोगी, देशभक्ति आधारित माइम तथा महाभारत की संगीतमय प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। भगवान विष्णु के नौ अवतारों पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम को भव्य समापन दिया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि दक्षिणी परिसर बीएचयू के किसी भी परिसर से कम नहीं है तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में काशी और बीएचयू के मूल्यों की गहरी छाप दिखाई देती है। उन्होंने मुख्य और दक्षिणी परिसर के बीच किसी भी प्रकार के भेद से इंकार करते हुए सामूहिक प्रयास और समन्वय को सफलता की कुंजी बताया। विशिष्ट अतिथि प्रो. संजीव कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को अपने समाज के वास्तविक नायकों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। आचार्य प्रभारी प्रो. बी.एम.एन. कुमार ने बताया कि वर्ष 2008 से आयोजित हो रहा ‘दिशा’ महोत्सव निरंतर विस्तार पा रहा है। समन्वयक डॉ. राजीव कुमार के अनुसार पाँच विधाओं की 30 प्रतियोगिताओं में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।दौरे के दौरान कुलपति ने परिसर के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मालवीय पार्क में महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई