77वें गणतंत्र दिवस पर चंदौली में देशभक्ति का भव्य प्रदर्शन, जनपदीय पुलिस परेड व विभागीय झांकियों ने मोहा मन

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली 26 जनवरी 2026 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर स्थित महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के ग्राउंड में जनपदीय पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के पश्चात आकाश में गुब्बारे छोड़कर शांति व एकता का संदेश दिया गया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में माननीय मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा मंच से गुजर रही परेड की सलामी ली गई। परेड में पुलिस के विभिन्न दलों ने अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कुल 17 परेड दलों ने सहभागिता की, जिनमें महिला पुलिस, पैंथर दस्ता, स्वान दल, एंटी रोमियो स्क्वॉड, यूपी-112, अग्निशमन सेवा, पुलिस बैंड सहित विभिन्न विशिष्ट इकाइयां शामिल रहीं। परेड कमांड की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नौगढ़ नामेन्द्र कुमार ने निभाई, जबकि अन्य परेड एवं टोली कमांडरों ने अपने-अपने दलों का नेतृत्व किया। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों पर जवानों के कदमताल ने दर्शकों में जोश भर दिया। कार्यक्रम में पुलिस परेड के साथ-साथ चिकित्सा विभाग, पंचायती राज, बाल विकास परियोजना, महिला कल्याण, शिक्षा, कृषि, जल विभाग, ग्राम विकास एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा आकर्षक और संदेशप्रद झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। साथ ही छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए अपनी कला को प्रदर्शित किया। इस गरिमामय समारोह में  विधायक सुशील सिंह, जिला जज श्री दिवाकर चतुर्वेदी, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनपद चंदौली के पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक 2026 से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा 37 पुलिसकर्मियों, 19 चौकीदारों, सराहनीय कार्य करने वाले 11 गोताखोरों तथा पुलिस को सहयोग देने वाले एक सम्मानित नागरिक को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई