शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली। जनपद में शराब तस्करी पर कड़ा प्रहार करते हुए चंदौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चंदौली पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान एक मिनी कंटेनर वाहन से 1809 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब को अत्यंत शातिर तरीके से वाहन में बनाए गए गुप्त केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान नंबर का एक कंटेनर वाहन, जिसमें गैर प्रांत की अवैध अंग्रेजी शराब लदी है, खराब अवस्था में थाना चंदौली के सामने ओवरब्रिज पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन संख्या RJ11GC8146 में कोई चालक या खलासी मौजूद नहीं मिला। संदेह होने पर वाहन को सर्विस लेन में खड़ा कराकर वीडियोग्राफी के साथ तलाशी ली गई। प्रारंभ में वाहन में टूटा हुआ लकड़ी का सामान दिखाया गया था, लेकिन लोहे की चादर से बने गुप्त केबिन को गैस कटर से काटकर जब जांच की गई तो अंदर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में—
-
इम्पीरियल ब्लू 375 एमएल की 83 पेटियां (747 लीटर)
-
इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल की 118 पेटियां (1062 लीटर)
कुल 1809 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। मौके पर नियमानुसार नमूने लेकर शेष शराब सील कर दी गई।
ई-चालान ऐप से जांच में वाहन का स्वामी पंकज बघेल पुत्र विनोद बघेल, निवासी न्यू कॉलोनी एन-2, बिरला नगर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) पाया गया, जबकि वाहन पर अस्थायी पता राजस्थान का अंकित है। पुलिस ने वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
इस संबंध में थाना चंदौली पर मु0अ0सं0-375/2025, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह बरामदगी अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती है, जिसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
-
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह
-
उपनिरीक्षक रवेन्द्र सिंह
-
उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप
-
कांस्टेबल अरविंद कुमार
-
कांस्टेबल रूपेश दूबे
-
कांस्टेबल सत्य प्रकाश मौर्य




