जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में 80 में से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, बाकी पर कड़े निर्देश

SHARE:

Shantidoot news उतर प्रदेश, चंदौली जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार 15 नवंबर को चकिया तहसील सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 7 प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गम्भीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। शहाबगंज के एक प्रकरण में पंचायत स्तर पर कमीशनखोरी की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी शहाबगंज को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे, ऐसे में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने विभागीय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, नियमित निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीब, वंचित और पीड़ित वर्ग की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनसमस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए समस्त अधिकारी संवेदनशीलता और रुचि के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई.के. राय, उप जिलाधिकारी चकिया, प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीआरडीए, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, संबंधित थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment