Shantidoot news उतर प्रदेश, चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक और डवरी कला गांव के समीप सोमवार की शाम चन्द्रप्रभा नदी में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
छह बच्चे नाव पर सवार होकर नदी के बीच पहुंचे, तभी नाव असंतुलित होकर डूब गई। बताया जा रहा है कि किशोर नाव पर खड़े होकर मोबाइल से फोटो खींच रहे थे, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया।
हादसे में नाव पर सवार तीन किशोर — कैलाश राम का पुत्र पीयूष (13 वर्ष), श्याम चरण का पुत्र यश (13 वर्ष) और कैलाश का ही पुत्र अरुण (12 वर्ष) नदी में डूब गए। वहीं अन्य तीन साथी केशव शर्मा, बबलू और अनिल किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए। नाव पलटते ही घाट किनारे पूजा कर रहीं व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, एसडीएम विनय मिश्रा और सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।वर्तमान में SDRF/NDRF टीम द्वारा नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह घटना छठ पूजा से सीधे तौर पर संबंधित नहीं है। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।