Shanti doot news. उत्तर प्रदेश, वाराणसी, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), आयुर्वेद संकाय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. प्रेम शंकर पांडे को पारंपरिक चिकित्सा, अनुसंधान एवं एकीकृत स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु “ISMN एक्सीलेंस अवार्ड इन आयुर्वेद एंड नेचुरल मेडिसिन” के लिए नामित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 5वां *वर्ल्ड कांग्रेस ऑन मेडिकल फूड एंड न्यूट्रिशन (WCMN 2025) के अवसर पर प्रदान किया जाएगा, जो 3 से 5 अक्टूबर 2025 तक न्यू वर्ल्ड रिसॉर्ट, फु क्वोक, वियतनाम में आयोजित होगा। ISMN की ओर से भेजे गए आमंत्रण पत्र में कहा गया है कि डॉ. पांडे ने आयुर्वेद के सिद्धांतों को वैज्ञानिक प्रमाणों के माध्यम से वैश्विक मंच पर पहुँचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। औषधीय पौधों और पारंपरिक योगों पर उनके शोध ने आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ आयुर्वेद के समन्वय को बल दिया है। तथा उनकी अकादमिक और चिकित्सकीय नेतृत्व क्षमता ने आयुर्वेद को मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं में एकीकृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्राकृतिक एवं साक्ष्य-आधारित समाधान के रूप में आयुर्वेद की प्रासंगिकता को स्थापित करने में उनकी भूमिका प्रशंसनीय रही है।
ISMN ने डॉ. पांडे से इस नामांकन को स्वीकार करने और सम्मेलन में भागीदारी की पुष्टि करने का अनुरोध किया है। संगठन ने आशा व्यक्त की है कि इस वैश्विक मंच पर उन्हें सम्मानित कर आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को नई पहचान मिलेगी।