शांति दूत न्यूज़ उतर प्रदेश, चन्दौली जिले की अलीनगर पुलिस ने महादेवपुर रिंग रोड से 19 सितम्बर को देर रात में एक 25 हजार के इनामी बदमाश को चोरी की तीन बाइक तथा एक देशी तमंचा एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान शिव कुमार उर्फ शिवा उर्फ छल्ला यादव (28) निवासी ग्राम कैथा उर्फ टड़िया, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय अपने सहयोगियों के साथ महादेवपुर रिंग रोड से उक्त बदमाश को एक तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। तथा पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की दो और बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान शिवा यादव ने बताया कि वह और उसका साथी सतेंद्र यादव, निवासी छोटू सराय, थाना मुगलसराय, मिलकर विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करते हैं। इन वाहनों का इस्तेमाल गौ-तस्करी करने वाले वाहनों को लोकेशन देने के लिए किया जाता है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ धीना थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन को जानबूझकर टक्कर मारी थी, जिससे संबंधित एक मामला भी पंजीकृत है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़ा गया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार शिवा यादव के विरुद्ध चन्दौली, जौनपुर, प्रतापगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में 8 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत धाराएं शामिल हैं। इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उ0नि0 अमित कुमार सिंह, चौकी प्रभारी भूपौली उ0नि0 अनिल कुमार यादव, चौकी प्रभारी आलूमील उ0नि0 अनिल कुमार पासवान हे0का0 दीपक द्विवेदी का0 प्रवेश सिंह शामिल रहे।