चंदौली में पुलिस की बड़ी कारवाई: 1.40 करोड़ की अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफतार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रक में कागज की गुल्ली (जिसमें धागा लपेटा जाता है) के नीचे छिपाकर रखी गई 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 7473.36 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसकी जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि जनपद में अपराध व मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना सैयदराजा के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्र तथा स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव अपने सहयोगियों के साथ एनएच-19 हाईवे पर जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताई गई ट्रक संख्या RJ14JQ3205 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में आगे की ओर कागज की गुल्ली लदी हुई थी, जिसके नीचे से 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, पुलिस ने मौके से ट्रक चालक हरिश्चन्द्र (28) पुत्र ओम प्रकाश निवासी नगला इतवारी थाना भोगांव जनपद मैनपुरी तथा परिचालक अंकित पुत्र सुरेश चन्द्र निवासी मिसौरा थाना भोगांव जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि यह शराब दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाई जा रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया गया है। दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई