शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली, 10 मार्च, समाज में तेजी से बदलते हालात और आर्थिक मजबूरियों के बीच अपराध के नए रूप सामने आ रहे हैं। कहीं पैसों की जरूरत लोगों को गलत रास्ते पर ले जा रही है तो कहीं शारीरिक संबंधों की पूर्ति के लिए लोग कानून और सामाजिक मर्यादाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला चंदौली जिले में सामने आया, जहां पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, कि मझवार रेलवे स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर जिला अस्पताल के पास स्थित एक मकान में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल महिला पुलिसकर्मियों के साथ संयुक्त टीम बनाकर मकान की घेराबंदी की और छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक कमरे से एक महिला और एक युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। पकड़ी गई। महिला तथा युवक दोनों स्थानीय थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से 1680 पैकेट निरोध (कंडोम), VIGORE 100 mg शक्ति वर्धक दवा की दो डिब्बियां तथा 180 एमएल अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद की। पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने घर पर स्वयं तथा अन्य महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से पैसे लेकर अनैतिक देह व्यापार कराती थी। पुलिस के अनुसार इस मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस प्रकार के अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।