शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली, 08 मार्च। जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मृतक के सगे बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया तथा वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में कंदवा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि 7 मार्च को हत्या के मामले के आरोपी अभियुक्त विवेक सिंह (36 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अजीत सिंह, निवासी ग्राम जलालपुर थाना कंदवा को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक विशाल सिंह सगे भाई थे। आरोपी के अनुसार कुछ समय पहले वह एक हत्या के मामले में जेल गया था, जिसके बाद घर में उसका मान-सम्मान कम हो गया था। इसी बीच चार महीने पहले परिवार की एक जमीन 75 लाख रुपये में बिकी, जिसमें मिले पैसे को आरोपी खर्च कर चुका था। जब उसने अपने छोटे भाई से दोबारा पैसे मांगा तो उसे नहीं दिया गया। जिससे वह अपने को अपमानित महसूस किया। इसी बात से आहत होकर उसने छोटे भाई की हत्या की योजना बना ली। घटना के दिन 05 मार्च को आरोपी ने शराब पी रखी थी। उसी दौरान घर में काम कर रहे नौकरों के सामने हुए अपमान से गुस्से में आकर उसने क़ृषि फ़ार्म पर बने हाल में चौकी पर सो रहे अपने छोटे भाई के सिर में पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पिस्टल और सीसीटीवी डीवीआर को घर में भूसे में छिपा दिया और अगले दिन तड़के मोटरसाइकिल से ले जाकर नहर किनारे एक तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ गाजीपुर जिले के जमानिया थाना में हत्या व आर्म्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। पूरे मामले के खुलासे में कंदवा थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।इस पूरी कार्रवाई में कंदवा थाना प्रभारी राजीव मल्ल विसेन, चौकी प्रभारी विजय कुमार राय सहित थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।