चंदौली के जमोखर गांव में गूंजा ‘हर-हर महादेव’: सर्वेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, उमड़ा आस्था का सैलाब

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उत्तर प्रदेश) चंदौली जिले के सदर विकासखंड के ग्राम सभा जमोखर में नव निर्मित सर्वेश्वर महादेव मंदिर में तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान के पश्चात भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हुआ। गुरुवार को काशी सहित विभिन्न क्षेत्रों से पधारे विद्वान ब्राह्मणों ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश, विश्वेश्वर महादेव, माता पार्वती एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम में सेंटर फॉर सनातन रिसर्च एण्ड ट्राइडेंट सेवा समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राम द्विवेदी ने बताया कि गांव में स्थित प्राचीन मंदिर को यथावत रखते हुए उसके समीप ट्रस्ट के सहयोग से इस दिव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं सनातन संस्कृति का संरक्षण है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शंकराचार्य जी का लक्ष्य है कि हर गांव और कस्बे में मंदिर स्थापित हो, क्योंकि मंदिर ही आध्यात्म की प्राथमिक पाठशाला है। मंदिरों के माध्यम से समाज में श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है, जो सामाजिक समरसता और संस्कारों को सुदृढ़ बनाता है।समारोह में चकिया से भाजपा विधायक कैलाश खरवार, भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, वाराणसी के चिरई गांव के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश पाठक, अजीत पाठक, प्रभात सिंह ‘मिंटू’, ओ.पी. पटेल सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन श्री राम द्विवेदी, कृष्ण कुमार द्विवेदी, अभिषेक द्विवेदी एवं उनके परिवार तथा ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ। अनुष्ठान के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। जमोखर में आयोजित यह प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण बन गया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई