शांति दूत न्यूज़.काठमांडू/धाडिंग। नेपाल के धाडिंग जिला में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब पोखरा से राजधानी काठमांडू जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। पुलिस के अनुसार हादसा धाडिंग जिले के पहाड़ी मार्ग पर हुआ, जहां बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे बह रही नदी में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अब तक 18 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों के लापता होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश के लिए नदी में खोज अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार सड़क संकरी और घुमावदार थी। आशंका है कि तेज रफ्तार या ब्रेक फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। नेपाल के पर्यटन नगर पोखरा से काठमांडू जाने वाला यह मार्ग अत्यंत व्यस्त और पहाड़ी है, जहां पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।स्थानीय सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और राहत कार्य पूरा होने तक क्षेत्र में यातायात आंशिक रूप से बाधित रहने की सूचना है।