शांति दूत न्यूज़. (उ. प्र.) चंदौली के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक युवक को लाखों रुपये नकद के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 16 लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत तथा राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी सुनील कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीम स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार शाम करीब छह बजे पैदल गामी पुल पर एक युवक लाल रंग का छोटा बैग लेकर तेज कदमों से जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सोनू कुमार सोनी (37 वर्ष), निवासी पानी टंकी धनटोलिया मोहल्ला, वार्ड संख्या 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में वह इतनी बड़ी धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।टीम युवक को आरपीएफ पोस्ट डीडीयू ले गई, जहां गिनती करने पर बैग में कुल ₹16,25,000 पाए गए। युवक ने बताया कि वह यह राशि वाराणसी से डेहरी ऑन सोन लेकर जा रहा था। मामला आयकर से जुड़ा होने के कारण युवक और बरामद नकदी को आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। आयकर विभाग द्वारा आगे की पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त जांच अभियान में आरपीएफ से उप निरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह, सीआईबी से अवधेश प्रताप तथा जीआरपी से उप निरीक्षक संदीप शर्मा सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।