शांति दूत न्यूज़.(उ0 प्र0) वाराणसी, एशिया पेसिफिक स्तर की प्रतिष्ठित चिकित्सा बैठक में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) का प्रतिनिधित्व हड्डी रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय यादव करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. यादव चिकित्सा क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करेंगे और अत्याधुनिक एडवांस्ड बोन कटिंग मशीन पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। डॉ. संजय यादव बैठक के दौरान हड्डी रोग से जुड़ी जटिल समस्याओं, विशेषकर “एडजेसेंट सेगमेंट डिजीज” जैसे गंभीर विषयों पर भी चर्चा करेंगे। उनके व्याख्यान से हड्डी रोग चिकित्सा में आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों को लेकर नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इस एशिया पेसिफिक मीटिंग में विभिन्न देशों से आए चिकित्सा विशेषज्ञ, शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं, जहां चिकित्सा विज्ञान में हो रहे नवीन शोध, तकनीकी विकास और व्यावहारिक अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा। डॉ. संजय यादव की इस महत्वपूर्ण सहभागिता से न केवल भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान बल्कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय की अकादमिक और शोध प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई मजबूती मिलेगी।