राम मंदिर का निर्माण वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद संभव हुआ- प्रवीण तोगड़िया

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली जनपद में बलुआ क्षेत्र के डेरवा गांव में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि राम मंदिर आंदोलन के नायक कहे जाने वाले डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया रहे। कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा उन्हें अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कार सेवक रणजीत यादव, राजेन्द्र पांडेय तथा परशुराम सिंह को माला पहनाकर उनका मुंह मीठा कराते हुए उनका आभार व्यक्त किए। तथा अपने संबोधन में कहा कि राम मंदिर का निर्माण वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद संभव हुआ। यह केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की परिणति है। उन्होंने कहा कि 1996 से आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया, एक लाख से अधिक गांवों में जाकर हिंदू समाज को जागृत किया गया। उन्होंने कहा कि “दिल में जज़्बा हो तो असंभव कुछ भी नहीं। गोलियों के बीच भी कारसेवक पीछे नहीं हटे और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर खड़ा है।” उन्होंने हिंदू समाज से संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हर गांव, हर गली में हनुमान चालीसा और हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दे। राष्ट्रीय महिला परिषद की ओर से हिमाचल प्रदेश से आईं रजनी बहन ने कहा कि देश और समाज को तोड़ने वाली शक्तियों का सामना तभी संभव है जब हिंदू समाज जागरूक और संगठित होगा। उन्होंने “अब तो हिन्दू ही आगे है” के नारे के साथ हिंदू हेल्पलाइन के माध्यम से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। सम्मेलन के आयोजक अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष कौलेश्वर पाण्डेय एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने राम मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े सभी साधु-संतों, सनातनियों, हिंदू समाज एवं कारसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के मद्देनज़र सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सम्मेलन में भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, डॉ. विवेक जायसवाल, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, संकठा राजभर, दीनानाथ पाण्डेय, रामप्यारे पाण्डेय, लवकुश, शिवम दुबे, डॉ. राधाकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र पाण्डेय ने किया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई