मालवीय जयंती 2025 पर बीएचयू में मंचित हुआ ‘महामना: कथा एक कर्मयोगी की’, रंगशाला ने सजीव किया राष्ट्रनिर्माता का जीवन

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. वाराणसी, 24 दिसंबर महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जयंती समारोह 2025 के अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रंगमंच प्रकोष्ठ रंगशाला ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के जीवन, विचार और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को मंच पर सजीव करते हुए एक भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति “महामना: कथा एक कर्मयोगी की” का सफल मंचन किया। स्वतंत्रता भवन में आयोजित इस प्रस्तुति ने दर्शकों को महामना के संघर्ष, संकल्प और शैक्षिक चेतना से रूबरू कराया।शोध विद्यार्थी हिमांशु तिवारी और अंकित मिश्रा द्वारा लिखित तथा शोध छात्र रवि कुमार राय द्वारा निर्देशित इस नाटक ने पारंपरिक जीवनी शैली से हटकर महामना के बौद्धिक, नैतिक और सामाजिक संघर्षों को सशक्त नाट्य भाषा में प्रस्तुत किया। सह-निर्देशक समीर तिवारी और शगुन श्रीवास्तव रहे। नाटक में इतिहास को केवल घटनाओं के क्रम में नहीं, बल्कि विचार, मूल्य और कर्मयोग के रूप में मंचित किया गया। प्रतीक त्रिपाठी ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की भूमिका निभाई, जबकि तन्या सिंह चौहान ने युवा महामना के चरित्र को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी ने काशी नरेश और सुश्री आनंदिता मल्होत्रा ने एनी बेसेंट की भूमिका निभाकर मंचन को ऐतिहासिक गहराई प्रदान की। खचाखच भरे सभागार को संबोधित करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कलाकारों और मंच के पीछे कार्यरत विद्यार्थियों की सराहना की। रंगशाला के समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने बताया कि नाटक की संपूर्ण रचनात्मक प्रक्रिया—लेखन, निर्देशन, अभिनय और मंच-सज्जा—विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा ही संपन्न की गई। उद्घाटन सत्र का संचालन रंगशाला के सह-समन्वयक डॉ. राहुल चतुर्वेदी ने किया। नाटक में महामना के प्रारंभिक जीवन, शिक्षा, वकालत छोड़ने के निर्णय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना के संघर्ष, उनकी पत्नी मूना देवी की भूमिका तथा सत्ता से निर्भीक संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के हिंदी समाचार पत्र जनसत्ता के कार्यकारी संपादक मुकेश भारद्वाज द्वारा लिखी गई पुस्तक “माया ही मोक्ष है” अवश्य पढ़ें

कार्यक्रम में कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियान, छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र एवं अंतर-सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए विचारोत्तेजक और प्रेरणादायी अनुभव रही, जिसने महामना मालवीय के आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक सशक्त रूप में पहुँचाया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई