शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय, चंदौली में 112 स्थानों पर अलाव व 6 रैन बसेरों का संचालन शुरू

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश चंदौली | 21 दिसंबर जनपद में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा निराश्रित, असहाय एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए व्यापक राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका परिषद एवं तहसीलों के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 112 स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। इनमें चंदौली सदर में 25, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में 28, सैयदराजा में 20 तथा चकिया क्षेत्र में 19 स्थलों को चिन्हित कर नियमित रूप से अलाव जलवाए जा रहे हैं, जिससे खुले में रहने वाले लोगों को ठंड से राहत मिल सके। इसके साथ ही जनपद स्तर पर कुल 6 रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है, जिनकी कुल क्षमता 112 व्यक्तियों के ठहरने की है। सभी रैन बसेरों में ठहरने वालों के लिए रजाई-कंबल, गद्दा, मैट, पेयजल, शौचालय, गर्म पानी, चाय-नाश्ता एवं विद्युत व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में एक अस्थायी रैन बसेरा (30 लोगों की क्षमता) तथा एक स्थायी रैन बसेरा (50 लोगों की क्षमता) संचालित है। वहीं नगर पंचायत चंदौली में 9, नगर पंचायत सैयदराजा में 7 तथा नगर पंचायत चकिया में संचालित दो रैन बसेरों में क्रमशः 8-8 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ठंड से प्रभावित जरूरतमंद लोगों को इन राहत सुविधाओं की जानकारी दें तथा मानवता के इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करें।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई