Shantidoot news उतर प्रदेश, चंदौली पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदौली पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल की।
लीलापुर फाटक हाईवे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक टाटा मांजा कार से 52.100 किलो अवैध गांजा बरामद कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की टाटा मांजा कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई टीम ने नौबतपुर पार कर वाराणसी जा रही उक्त कार को वाजिदपुर मार्ग के पास घेराबंदी कर रोक लिया। चालक को गिरफ्तार कर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें से सेब की पेटियों और कपड़े के झोलों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चाँद बाबू पुत्र खली कुंज्जजमा (निवासी सुभाष नगर, सैदपुर, गाजीपुर, उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि यह गांजा वह बिहार के मलिहा से लेकर मध्य प्रदेश के कटनी में गाड़ी मालिक के पास पहुंचाने जा रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना चंदौली में एनडीपीएस एक्ट व बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस जांच में पता चला कि चाँद बाबू का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उस पर पहले से ही गाजीपुर, मऊ व अन्य जिलों में चोरी, धोखाधड़ी, शस्त्र अधिनियम और हत्या के प्रयास जैसे दस से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रूपेश दुबे और प्रियेश यादव शामिल रहे।




