SHANTIDOOT NEWS उतर प्रदेश, चंदौली जिले में मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई रेवसा सभागार में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक सैयदराजा सुशील सिंह एवं विशिष्ट अतिथि विधायक पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) रमेश जायसवाल की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सैकड़ों महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों का मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं द्वारा अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा देकर स्वागत किया गया।

वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाएँ महिला उत्थान की दिशा में क्रांतिकारी कदम हैं। उन्होंने कहा कि 181, 1090, 1098, 1930, 1076 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वायड सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। वहीं मुगलसराय के विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूह, सखी योजना, विद्युत सखी और स्वामित्व योजना जैसी पहलों से महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि देश में आज महिला राष्ट्रपति और प्रदेश में महिला राज्यपाल का नेतृत्व यह दर्शाता है कि महिलाओं को सर्वोच्च पदों तक सम्मान मिला है। उन्होंने आगे कहा — “नारी शक्ति ही राष्ट्र की शक्ति है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सम्मानित बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है और आने वाले समय में इस दिशा में और नए कदम उठाए जाएँगे।
”कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को “बाल विवाह को ना, शिक्षा को हाँ” की शपथ दिलाई गई।समापन सत्र में क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने कहा कि जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाएँ निडर होकर अपनी बात रख सकती हैं। उन्होंने बताया कि 112 आपातकालीन सेवा में महिला आरक्षियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है और एंटी रोमियो टीमें विद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर सतत निगरानी कर रही हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, पीडी डीआरडीए, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



