व्यापारी सशक्त, राष्ट्र सशक्त: सकलडीहा में जीएसटी सुधारों पर हुई संगोष्ठी

SHARE:

SHANTIDOOT NEWS, उतर प्रदेश, चंदौली जनपद के सकलडीहा विकास खंड सभागार में मंगलवार को आयोजित विधानसभा सम्मेलन में जीएसटी सुधारों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में सरकार द्वारा वस्तु एवं सेवा कर (GST) में की गई दर कटौती को ऐतिहासिक बताया गया और इसे व्यापारियों के हित में एक बड़ा कदम कहा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यापारी वर्ग के हित में अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। जीएसटी दरों में कटौती से छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है, जिससे बाजार में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि वस्त्र, धागा, सूत, जूता उद्योग, खाद्य पदार्थ, पैक्ड दालें, रसोई गैस, कृषि यंत्रों एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर कर में कमी कर व्यापार को प्रोत्साहन दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया को डिजिटल व सरल बनाया गया है तथा छोटे व्यापारियों के लिए कंपोजिशन स्कीम की सीमा बढ़ाकर उन्हें राहत दी गई है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सूर्यमुनि तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार का मूल मंत्र है— “व्यापारी सशक्त, राष्ट्र सशक्त”। जब व्यापारी वर्ग सुरक्षित और सशक्त होगा, तभी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाकर भ्रष्टाचार व अनावश्यक निरीक्षणों पर अंकुश लगाया है। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र पाण्डेय ‘कवि’ ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने दिया। इस अवसर पर सैकड़ों व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई