शांति दूत न्यूज़, उतर प्रदेश, वाराणसी सिलीगुड़ी में आयोजित सेंट्रल ज़ोन ऑर्थोपेडिक्स मीटिंग में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। इस सम्मेलन में क्षेत्रभर के प्रमुख ऑर्थोपेडिक सर्जन और स्वास्थ्य सेवा पेशेवर एकत्रित हुए। मिली जानकारी के अनुसार बीएचयू के प्रोफेसर अमित रस्तोगी तथा डॉ. संजय यादव ने ऑर्थोपेडिक सर्जरी के जटिल विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। प्रो. रस्तोगी ने डिस्टल फीमर फ्रैक्चर में डुएल प्लेटिंग तकनीक पर विस्तार से चर्चा की, वहीं डॉ. यादव ने घुटने के प्रत्यारोपण में आने वाली जटिल चुनौतियों, विशेषकर स्ट्रेस फ्रैक्चर के प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया। उनके इन अनुभवों और शोध ने सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों को गहराई से प्रभावित किया और समकालीन ऑर्थोपेडिक प्रथाओं को लेकर महत्वपूर्ण संवाद को प्रोत्साहित किया। बता दें कि सेज़कॉन 2025 सप्ताहांत तक जारी रहेगा, जिसमें कार्यशालाएं, पैनल चर्चा और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। जिनका उद्देश्य ऑर्थोपेडिक चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देना है।