चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी अधिवक्ता कमला यादव की उनके भाई दंगल यादव (सेवानिवृत्त दारोगा व कांग्रेस नेता) ने गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद परिजनों ने घायल अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या की वारदात से वकीलों में गहरा आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को वकीलों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग का काफिला रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि मृतक और उसके भाई के बीच जमीन विवाद का मामला लंबे समय से एसडीएम कोर्ट में लंबित था। यदि समय पर निस्तारण होता तो यह जघन्य घटना टल सकती थी। वकीलों ने पुलिस अधीक्षक से शीघ्र गिरफ्तारी व कठोर कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जमीन विवाद का निस्तारण जल्द नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए विवश होंगे। इस विरोध प्रदर्शन में राकेश रतन तिवारी, संदीप यादव, अनिल कुमार सिंह, शहाबुद्दीन, संतोष सिंह, प्रवीण यादव, श्रीनिवास तिवारी, राजेश सिंह, सुल्तान अहमद, पंकज सिंह, उज्जवल सिंह और शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।
👉 यह घटना न केवल परिवारिक विवाद की भयावह परिणति को उजागर करती है बल्कि न्यायिक प्रक्रिया की धीमी गति पर भी सवाल खड़े करती है।
Author: JS AGRAWAL
"10 वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार, राजनीति, समाज और जनहित के मुद्दों पर सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग का अनुभव। जमीनी स्तर की समस्याओं को आवाज़ देने और सत्य को सामने लाने के लिए निरंतर प्रयासरत।"




